सुल्तानपुर लोधी , मई 01 -- राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और उपायुक्त आकाश बंसल के नेतृत्व में शुक्रवार को मंड क्षेत्र को संभावित बाढ़ से बचाने के लिए अग्रिम रणनीति तैयार करने संबंधी एक विशेष बैठक आयोजित की गयी।

बैठक के दौरान उपायुक्त आकाश बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले संभावित बाढ़ से बचाव के लिए उचित प्रबंध किये जायें। अधिकारियों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर दौरा कर प्रारंभिक कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर राहत और बचाव कार्य योजनाबद्ध तरीके से किए जा सकें।

इसके बाद राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और उपायुक्त आकाश बंसल ने जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ ब्यास नदी के अग्रिम बांध का दौरा कर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बांध के उन कमजोर हिस्सों का भी जायजा लिया, जिन्हें पत्थर लगाकर मजबूत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अगस्त महीने में बांध टूटने से आहली खुर्द क्षेत्र में खड़ी धान की फसल को बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचा था। उन्होंने अधिकारियों को इस क्षेत्र पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिये। इससे पहले स्थानीय मार्केट कमेटी कार्यालय में संत बलबीर सिंह सीचेवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठकमें मंड क्षेत्र की पंचायतों को भी बुलाया गया। विभिन्न गांवों के सरपंचों ने पिछले वर्ष अगस्त में आई बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान आहली कलां के सरपंच शमिंदर सिंह ने करमूंवाल पट्टन में पत्थर लगाने संबंधी जानकारी दी। विभाग ने आहली खुर्द से अलूवाल तक दो बांध स्थलों पर मिट्टी भराई कार्य संबंधी चर्चा भी की।

बैठक में संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने सुल्तानपुर लोधी शहर की अंदरूनी सड़कों, सफाई व्यवस्था, अवैध कब्जों तथा आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी कैमरे लगाने के मुद्दे भी उठाये। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित