बर्लिन , जुलाई 26 -- जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित वार्षिक 'क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे' प्राइड इवेंट के दौरान एक तेज रफ्तार वाहन के भीड़ में घुसने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कम से कम 16 अन्य घायल हो गये।

घायलों में कई की हालत बेहद नाजुक बतायी जा रही है। घटना के बाद बर्लिन के टियरगार्टन पार्क और प्रसिद्ध ब्रांडेनबर्ग गेट के आसपास मची अफरा-तफरी के बीच सुरक्षा बलों ने पूरे कार्यक्रम को रद्द कर इलाके को खाली करा लिया है।

बीबीसी रिपोर्ट के अनुसार, जर्मन पुलिस ने संदिग्ध पुरुष की पहचान कर ली है, हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध का नाम पहले से आपराधिक रिकॉर्ड में दर्ज है और उसका संबंध 'इस्लामी चरमपंथी स्पेक्ट्रम' से है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पूरे बर्लिन शहर में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय समयानुसार रात करीब 10 बजे (भारतीय समयानुसार रविवार रात 1:30 बजे) एक सफेद वैन टियरगार्टन पार्क के पास तेजी से भीड़ में घुसी और एक पेड़ से टकराकर रुक गयी, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने कहा कि इस भयावह कृत्य की पूरी जांच करायी जायेगी और दोषियों को सख्त सजा दिलायी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित