बैतूल , मई 03 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड के बर्राढाना गांव में हुई भीषण आगजनी के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता और पुनर्वास का भरोसा दिया।

इस दौरान उनके साथ भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने आग से प्रभावित 24 परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 10-10 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की।

श्री खंडेलवाल ने आश्वासन दिया कि विधायक स्वच्छ निधि से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये दिलाए जाएंगे। वहीं विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने अपनी विधायक निधि से सभी पीड़ित परिवारों को 20-20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की। इस प्रकार प्रत्येक परिवार को कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक परिवार को दो लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही राजस्व पुस्तक परिपत्र के तहत भी आवश्यक आर्थिक सहायता दी जाएगी।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि जिन परिवारों के मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान लगी आग में गांव के दो दर्जन से अधिक मकान जलकर खाक हो गए थे, जिससे कई परिवार बेघर हो गए हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित