देहरादून , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देहरादून दौरे की तैयारियों के संदर्भ में कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

श्री बर्द्धन और श्री सेठ ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक की जा रही तैयारियों को परखा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रधानमंत्री दौरे के दौरान सुचारू रूप से संचालित किए जाने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही।

मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के बनने से एक ओर दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुँचने का समय कम होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी में सुधार होगा, वहीं दूसरी ओर इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बढावा मिलेगा।

मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल एवं नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित