चेन्नई , अक्टूबर 22 -- तमिलनाडु में चेन्नई के उपनगरीय इलाके वंडालूर स्थित अरिग्नार अन्ना प्राणी उद्यान (एएजेडपी) में बर्ड फ्लू फैलने के कारण इसे आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।

वंडालूर चिड़ियाघर के नाम से प्रसिद्ध इस उद्यान में सात जलीय पक्षियों की मौत के बाद जांच में एवियन इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीन से नौ अक्टूबर के बीच सात जलीय पक्षियों की मौत हुई थी। इनमें चार पेंटेड स्टॉर्क, एक ग्रे पेलिकन, एक ग्रे हेरॉन और एक ओरिएंटल डार्टर शामिल थे। इन पक्षियों की मौत चिड़ियाघर के वेदांतंगल पक्षी बाड़े में हुई, जहां 10 प्रजातियों के करीब 150 पक्षी रखे गए हैं।

मृत पक्षियों से लिए गये नमूनों की जांच मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीजेज (एनआईएचएसएडी) में की गयी। प्रयोगशाला जांच में जलीय पक्षियों में एच5एन1 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद एहतियाती कदम के तौर पर चिड़ियाघर को आज और कल, यानी दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।

तीन अक्टूबर को पहली पक्षी की मौत की सूचना मिलने के तुरंत बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को घेर दिया था। इसके साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए कीटाणुनाशक का छिड़काव, साफ-सफाई और जैव सुरक्षा संबंधी उपायों को मजबूत करने सहित सभी जरूरी कदम उठाए गए। जलीय पक्षियों को बचाव के लिए दवाएं भी दी गईं। चिड़ियाघर प्रशासन ने बताया कि नौ अक्टूबर के बाद किसी अन्य पक्षी की मौत नहीं हुई थी और न ही उनमें बीमारी के कोई लक्षण दिखाई दिए थे। इसी कारण चिड़ियाघर आम लोगों के लिए खुला रखा गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित