बरेली , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के बरेली एयरपोर्ट से आगामी विंटर शेड्यूल में बी-737 बोइंग विमान सेवा शुरू होने की संभावना है। अकासा एयरलाइंस ने बरेली से इस विमान के संचालन का प्रस्ताव दिया है, जिसके बाद शहर की हवाई कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार बरेली एयरपोर्ट से हवाई संपर्क लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली और नोएडा के लिए उड़ान सेवाएं शुरू होने के बाद यात्रियों को देश के विभिन्न प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिली है। अब बी-737 जैसे बड़े विमान के संचालन के प्रस्ताव से एयरपोर्ट की क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को नया बल मिला है।
अकासा एयरलाइंस द्वारा विंटर शेड्यूल में बरेली से बी-737 विमान सेवा संचालित करने का प्रस्ताव दिया गया है। यदि यह योजना निर्धारित समय पर लागू होती है तो यात्रियों को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध होगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
बरेली एयरपोर्ट प्रबंधन ने अन्य विमानन कंपनियों से भी क्षेत्र की संभावनाओं को देखते हुए अधिक शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने का आह्वान किया है।
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि नई उड़ानों के संचालन के लिए एयरपोर्ट प्रशासन सभी आवश्यक और सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई विमान सेवाओं से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित