बरेली , मार्च 31 -- बरेली में भमोरा पुलिस और एएनटीएफ संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त एक परिवार से पिता और उसके दो बेटों को 1.750 किलोग्राम मादक पदार्थ हेरोइन साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 87 हजार की नगदी और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाला पाउडर भी बरामद किया गया है।

एएनटीएफ यूनिट के एसआई विकास यादव ने सोमवार देर रात भमोरा पुलिस को मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना दी। जिसके बाद एएनटीएफ और भमोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने परमानंद उर्फ पप्पू, उसके बेटे रविन्द्र और यशवीर निवासी जिला बदायूं थाना विनावर गांव भगवानपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को उनके पास से 1.750 किलोग्राम हेरोइन, 950 ग्राम स्मैक बनाने में प्रयुक्त होने वाला रंग और 87 हजार 520 रुपये बरामद किए गए।

आरोपियों के खिलाफ भमोरा थाने में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया। सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और भमोरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तस्करी के आरोप में पिता-पुत्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.750 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित