बरेली , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के थाना मीरगंज क्षेत्र स्थित गहरवा गांव में मामूली विवाद में एक सिरफिरे ने अपनी पत्नी के सिर पर सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि गहरवा गांव निवासी जयदेव से मंगलवार को पत्नी मंजू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जयदेव ने घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी मंजू के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में अफरातफरी मच गई।

परिजन महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। चिता को आग दे दी गई थी मगर इस बीच गांव वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार को रुकवाकर जलती हुई चिता से शव को बाहर निकलवा लिया और पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या किन परिस्थितियों में की गई। मंजू का मायका लखीमपुर खीरी के थाना पलिया क्षेत्र में है। मृतका की मां ने पति जगदेव , देवर राजेंद्र, सास, ननद और देवरानी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित