बरेली , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सास और साले की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार भोर एक सशस्त्र मुठभेड़ में मार गिराया।

रहपुरा चौधरी गांव में सोमवार दोपहर आरोपी अफसर खान ने अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से हमला किया। हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी साइमा गंभीर रूप से घायल हो गई और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घटना बाद पुलिस ने आरोपी की खोज शुरू की। सूचना मिली अफसर मुड़िया अहमदनगर के सहारा ग्राउंड में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। अपनी पत्नी को मारने की कोशिश कर सकता है। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण के लिए कई बार कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अफसर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फायरिंग में दो पुलिसकर्मी, कांस्टेबल रूपेंद्र और कांस्टेबल अनुराग भी घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल, घटना में इस्तेमाल की गई चाकू, चार लाइव कार्टेज और कुल 10 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अनुसार आरोपी अफसर का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसने 2009 में उसने अपने सगे मामा की हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी। वह जमानत पर था। उसके खिलाफ चोरी का भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब उसके अन्य अपराधों की जांच कर रही है। जानकारी अनुसार अफसर और साइमा की शादी लगभग नौ साल पहले हुई थी।

पत्नी द्वारा ससुराल जाने से इनकार करने पर सोमवार दोपहर पंचायत बुलाई गई थी जिसमें आरोपी अफसर खां ने वारदात कर दी। वारदात करने के बाद आरोपी फरार हो गया था जिसे पुलिस तलाश कर रही थी। मंगलवार तड़के आरोपी का पुलिस से आमना सामना हो गया और एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित