बरेली , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने गुरुवार को बरेली पहुंचकर कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और दुर्घटना रहित यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्य सचिव और डीजीपी ने बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़ी सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में बरेली जोन के नौ जिलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनपदवार फीडबैक लिया तथा अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सक्रिय शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा स्थापित कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के स्वागत, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पूरे सावन माह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। यात्रा मार्गों और प्रमुख शिवालयों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो महिला कांवड़ियों की सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा, बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी तथा मुरादाबाद परिक्षेत्र के डीआईजी मुनिराज जी. ने अपने-अपने क्षेत्रों में की गई सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान दोनों मंडलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षकों ने भी अपने-अपने जनपदों की तैयारियों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
समीक्षा बैठक बरेली स्थित सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित