बरेली , मई 9 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले की मीरगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार की तहरीर पर भोजीपुरा थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जिले के बीसलपुर क्षेत्र स्थित अमखिरिया गांव निवासी रामप्रकाश वर्मा ने थाना भोजीपुरा में दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अंकित वर्मा (24) राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में एम. फार्मा का छात्र है। वह सात मई की शाम करीब छह बजे कॉलेज से निकला था।
परिजनों के मुताबिक अंकित मंदिर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार ने अपहरण अथवा किसी अनहोनी की आशंका जताई है। अंकित का मोबाइल फोन भी बंद मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। विधायक परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बनी हुई है।
पुलिस जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अंकित का मोबाइल फोन उसके हॉस्टल के कमरे में ही मिला है। मोबाइल की लोकेशन भी कॉलेज परिसर के भीतर ही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
भोजीपुरा थाना पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच दरोगा सुशील कुमार को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि छात्र की तलाश के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर टीमें भेजी गई हैं। इंस्पेक्टर भोजीपुरा राजीव कुमार ने बताया कि अंकित की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से फिलहाल कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिली है तथा पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित