बरेली , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रामपुर बाग स्थित बिजली विभाग के गोदाम में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र स्थित इस गोदाम में पुराने और खराब बिजली मीटर व अन्य उपकरण रखे हुए थे। आग लगने से बड़ी संख्या में मीटर जलकर नष्ट हो गए। आग की तेज लपटों के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चीफ इंजीनियर (प्रथम) ज्ञान प्रकाश ने बताया कि घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है, जो तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित