बरेली , अक्टूबर 19 -- मुंबई में फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला होने के बाद बरेली पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस प्रशासन ने खुफिया रिपोर्ट मिलने पर बरेली स्थित फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी आवास सुरक्षा बढ़ा दी है। इससे पहले सोमवार शाम सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और आसपास गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। दिशा पाटनी आवास पर पहले से ही एक मुख्य आरक्षी और तीन सिपाहियों की तैनाती है। टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

गौरतलब है कि पिछले साल 11 और 12 सितंबर दिशा पाटनी बरेली स्थित आवास पर फायरिंग की घटना हुई थी। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई थी। मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया था। इसके बाद आवास पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी।

दिशा पाटनी के आवास पर उनके पिता, मां और बहन खुशबू पाटनी रहती हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में सीओ पद से सेवानिवृत्त हैं। परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित