बरेली , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेमिका की खातिर धर्म बदलने वाले युवक ने घरेलू क्लेश के चलते फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। युवक ने प्रेम विवाह के लिए धर्म परिवर्तन किया था और पत्नी के साथ रह रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला शिवपुरी निवासी विनय उर्फ इमरान करीब पांच वर्ष पहले वह रोजगार की तलाश में बरेली आया था और मोहनपुर ठिरिया क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात बिचपुरी निवासी मुस्कान से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बाद में दोनों ने निकाह कर लिया। दंपत्ति की दो बेटियां हैं। परिजनों के मुताबिक युवक की सास ने उसे कुछ समय पहले ई-रिक्शा दिलाया था, जिसे चलाकर वह परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया है कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद विवाद हुआ था। शुक्रवार रात जब वह घर लौटा तो पत्नी और बच्चे घर पर नहीं मिले। जानकारी करने पर पता चला कि पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई है।
इससे युवक मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह मकान मालिक ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित