बरेली , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के सरदारनगर गांव में सोमवार दोपहर एक निर्माणाधीन/हाल ही में बनी पानी की ओवरहेड टंकी अचानक ढह जाने से हड़कंप मच गया। टंकी के नीचे बैठे लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे सात लोग मलबे में दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टंकी गिरने के समय तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य तेज कर दिया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इनमें डोरीलाल (65) की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराना और राहत कार्य को जल्द पूरा करना है। घटना की जांच के बाद ही टंकी गिरने के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। प्रशासन द्वारा मलबा हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति दबा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित