बरेली , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना किला पुलिस और एएनटीएफ यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 75 लाख रुपये मूल्य की अफीम और हेरोइन बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक/दो मई की रात गोपनीय सूचना पर टीम ने ग्राम दौली रघुवरदयाल जाने वाली सड़क पर गंगा मंदिर के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से चार किलोग्राम अफीम और 275 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 2,140 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान महेंद्र कुमार निवासी जनपद चतरा (झारखंड) तथा लोकपाल सिंह निवासी जनपद बदायूं के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड से सस्ते दामों पर मादक पदार्थ लाकर बरेली और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना किला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने किया, जिसमें एएनटीएफ यूनिट की टीम भी शामिल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित