बरेली, अक्टूबर 10 -- दीपावली और आगामी त्योहारों पर बाजार में नमकीन की मांग बढ़ने के बीच शहर के नामी प्रतिष्ठान पीके नमकीन पर खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां महीनों पुरानी एक्सपायरी नमकीन के पैकेट मिलने का मामला सामने आया है। विभागीय टीम ने मौके से भारी मात्रा में एक्सपायरी नमकीन जब्त की है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह के मुताबिक, इस नमकीन को दीपावली पर खपाने की तैयारी थी।

मामला तब सामने आया, जब एक ग्राहक ने पीके नमकीन से मटरी का पैकेट खरीदा। मटरी खाने बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद परिजनों ने पैकेट पर लिखी जानकारी देखी तो पता चला कि नमकीन एक्सपायरी है। इसके बाद खाद्य विभाग से शिकायत की गई।

सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) राहुल सिंह ने बताया कि गुरुवार अपराहन शिकायत मिलते ही विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया था। वहां भारी मात्रा में एक्सपायरी नमकीन पैकेट मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दीपावली आदि पर बिक्री के लिए इन पैकेटों को खपाने की तैयारी थी।

उन्होंने बताया त्योहार दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और ग्राहकों की सेहत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग अब विधिक कार्रवाई करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित