बरेली , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित आमटांडा अंतरराज्यीय चेक पोस्ट के निकट रविवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से ट्रक चालक और उसके क्लीनर की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों, ट्रांसपोर्टरों और अन्य ट्रक चालकों ने चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए नैनीताल हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने आरोपों से इनकार करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार देवरनियां थाना क्षेत्र के मुड़िया गांव निवासी ट्रक चालक वासिफ तथा इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कंजादासपुर निवासी क्लीनर इरफान रविवार शाम ट्रक लेकर उत्तराखंड सीमा पर स्थित आमटांडा अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों की लालकुआं से बरेली की ओर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि चेक पोस्ट पर वाहनों से अवैध वसूली की जाती है। उनका कहना है कि वसूली का विरोध करने पर वहां तैनात कर्मियों ने चालक और क्लीनर को दौड़ा दिया, जिससे जान बचाने के प्रयास में दोनों रेलवे ट्रैक की ओर भागे और ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना से आक्रोशित परिजनों, ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय लोगों ने नैनीताल हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ), तहसीलदार तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बहेड़ी के अलावा देवरनियां, शेरगढ़ और शीशगढ़ थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
अधिकारियों ने परिजनों को उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित