बरेली , अप्रैल 06 -- बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने खनन विभाग कार्यालय में एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान महमूद रजा खा निवासी परसाखेड़ा थाना सीबीगंज, बरेली के रूप में हुई है, जो वर्तमान में खनन अधिकारी कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी लिपिक पद पर तैनात था। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल ट्रैप टीम ने निरीक्षक जितेन्द्र सिंह नेतृत्व में सोमवार दोपहर यह कार्रवाई की है।

विजिलेंस टीम ने आरोपी खनन अधिकारी कार्यालय लिपिक, बरेली से सोमवार दोपहर 12:52 बजे दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। बताया गया कि शिकायतकर्ता वेद प्रकाश पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी ग्राम रौठा थाना किला, बरेली ने अपने सीज ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़वाने और जुर्माना संबंधी पत्रावली जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के एवज में आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग किए जाने की शिकायत की थी।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित