बरेली , जुलाई 18 -- बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र में धान की रोपाई के पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों ने घर में घुसकर एक किसान की पीट पीट कर हत्या कर दी।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि पूरनलाल (46) के भाई कुंवर पाल अनुसार करुआताल गांव के कुछ लोगों से धान की रोपाई के मेहनताना को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी घर में घुस आए और पूरनलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजन घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आंवला लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूरनलाल अपने पीछे पत्नी भूरी देवी और नौ बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीओ आंवला हेमंत कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित