बरेली , जून 18 -- भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली टीम ने गुरुवार को बरेली सदर तहसील में कार्यरत सम्प्रति संग्रह अमीन को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली टीम ने बरेली सदर तहसील में तैनात सम्प्रति संग्रह अमीन जोरावर सिंह (55) को दोपहर 14:45 बजे तहसील सदर कैन्टीन परिसर में 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथ पकड़ा गया है।
श्री सिंह ने बताया कि एनपीएस खाता से भूखण्ड क्रय किये जाने के लिये धन निकासी हेतु किये गये आवेदन पर रिपोर्ट लगाकर फाइल को आगे बढाने के ऐवज में संग्रह अमीन जोरावर सिंह द्वारा रुपये मांगए थे। जिसकी शिकायत सुरेश चन्द्र निवासी सम्राट अशोक नगर नवादा जोगियान थाना बारादरी, बरेली ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की थी। जिस पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन संज्ञान लेकर बरेली टीम द्वारा तत्काल प्रभावी कार्यवाही कर आरोपी जोरावर सिंह सम्प्रति संग्रह अमीन तहसील सदर जनपद बरेली को रिश्वत लेते पकड़ लिया। उन्होंने बताया कर्मचारी से रिश्वत में लिए गये 5,000 रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मण्डल बरेली ने बताया आरोपी जोरावर सिंह संग्रह अमीन के विरुद्ध थाना कोतवाली जनपद बरेली पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित