मुरादाबाद , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आयोजित 64वीं बरेली जोन पुलिस तैराकी एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में अमरोहा के तैराकों और मुरादाबाद की महिला धावकों का दबदबा देखने को मिला। प्रतियोगिता में अमरोहा के मुख्य आरक्षी नन्दन राणा ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ तैराक का खिताब अपने नाम किया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 11 से 13 मई तक 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के तरणताल पर आयोजित बरेली जोन की 64वीं अंतर जनपदीय पुलिस तैराकी एवं महिला-पुरुष क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में बरेली, पीलीभीत, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, शाहजहांपुर, अमरोहा और बिजनौर सहित विभिन्न जनपदों की टीमों के कुल 148 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का समापन पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने किया तथा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

तैराकी प्रतियोगिता में अमरोहा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 स्वर्ण पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ टीम बनने का गौरव हासिल किया, जबकि बरेली छह स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। अमरोहा के मुख्य आरक्षी नन्दन राणा ने व्यक्तिगत रूप से पांच गोल्ड मेडल जीतकर प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ तैराक का खिताब जीता।

वाटर पोलो के फाइनल मुकाबले में अमरोहा ने मुरादाबाद को 7-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं 50 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में मुरादाबाद के कपिल अत्री प्रथम और बरेली के संदीप द्वितीय स्थान पर रहे।

क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन 12 मई को पुलिस लाइन में किया गया। पुरुष वर्ग में रामपुर की टीम 35 अंकों के साथ प्रथम और मुरादाबाद 43 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रही। महिला वर्ग में मेजबान मुरादाबाद ने 22 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि बरेली की टीम 26 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में संभल के अश्वनी कुमार को सर्वश्रेष्ठ धावक और मुरादाबाद की पूजा को सर्वश्रेष्ठ धाविका घोषित किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक रविन्द्र कसाना, रूपेश कौशिक, सतीश कुमार और रवि शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित