बैतूल , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बरेठा घाट क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान हरिदास वर्मा और उनके दामाद सुनहरी चौरे के रूप में हुई है। दोनों बाइक से बैतूल से शाहपुर के समीप सिलपटी गांव जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर बरेठा घाट के एक खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरेठा घाट क्षेत्र में संकरी सड़क, तीखे मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने यहां सुरक्षा उपाय बढ़ाने और यातायात नियंत्रण की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित