वाराणसी , अक्टूबर 31 -- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को उत्साह एवं उमंग के साथ 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में आयोजित दौड़ को प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने बरेका इंटर कॉलेज चौराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ सूर्य सरोवर एवं कुंदन तिराहा होते हुए बास्केटबॉल ग्राउंड पर संपन्न हुई।

इसमें बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम के संदेश लिखी तख्तियां लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

आयोजन का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण एवं देश के एकीकरण में अतुलनीय योगदान को स्मरण करना तथा 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करना था। इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भी सहभागिता की। बरेका की विभिन्न खेल अकादमियों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने दौड़ में भाग लेकर फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम में बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं खेलकूद संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित