वाराणसी , अक्टूबर 15 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने अपनी उत्पादन क्षमता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए वित्त वर्ष 2026-27 में 50वें अमृत भारत (पुश-पुल) लोकोमोटिव का निर्माण किया है।

अमृत भारत ट्रेनों के लिए निर्मित पुश-पुल लोकोमोटिव आधुनिक तकनीक से लैस हैं। ट्रेन के दोनों छोर पर लोकोमोटिव लगाए जाने से परिचालन में सुविधा होती है। अत्याधुनिक लोको कैब, सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, क्रैशवर्दी डिजाइन और बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली जैसी विशेषताएं इन लोकोमोटिव को आधुनिक बनाती हैं।

बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि बरेका में निर्मित प्रत्येक लोकोमोटिव भारत की औद्योगिक आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है। लोकोमोटिव संख्या 45336 और 45337 को उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर स्थित भगत की कोठी डीजल लोको शेड के लिए भेजा गया है।

बरेका ने अपनी स्थापना से अब तक कुल 11,531 रेल इंजनों का निर्माण किया है, जिनमें 3,195 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने में बरेका के योगदान को रेखांकित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित