वाराणसी , अप्रैल 02 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनों का निर्माण कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुरुवार को कहा कि यह अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन है, जो बरेका की तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता का प्रमाण है। यह उपलब्धि भारतीय रेल को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध कार्य दिवसों के आधार पर बरेका ने प्रति दिन औसतन 1.9 रेल इंजन का निर्माण किया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया गया, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 553 इंजनों के लक्ष्य से अधिक है। इसके अलावा, बरेका ने मोजाम्बिक को 10 रेल इंजनों का निर्यात कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए 4 डीजल इंजन बनाए गए।
स्थापना से मार्च 2026 तक बरेका द्वारा कुल 11,259 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिनमें 2,925 विद्युत इंजन शामिल हैं। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रेलवे बोर्ड ने बरेका को 642 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य दिया है, जिसमें 166 अमृत भारत (डब्ल्यूएपी-7) इंजन शामिल हैं। साथ ही 15 इंजनों (10 डीजल और 5 विद्युत) की पीरियडिक ओवरहॉलिंग का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित