मथुरा , सितंबर 26 -- मथुरा में बरसाना क्षेत्र के ग्राम आजनोख में मेले से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए नौ वर्षीय बालक कृष्णा का शव शनिवार सुबह मंदिर के पीछे बने तालाब के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आजनोख निवासी कृष्णा (9) 23 सितंबर 2026 की शाम गांव में आयोजित मेले में गया था, जहां से वह अचानक गुम हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कृष्णा का कोई पता नहीं चला। इसके बाद 24 सितंबर को परिजनों ने थाना बरसाना में घटना की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी थी।

शनिवार सुबह परिजनों ने गांव में स्थित मंदिर के पीछे तालाब के पास पड़े कपड़ों से कृष्णा की पहचान की। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बरसाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फील्ड यूनिट (फोरेंसिक टीम) को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित