लखनऊ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हरित विकास और जलभराव मुक्त लक्ष्य को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा बुधवार को फील्ड में उतरे। उन्होंने लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं और जलनिकासी से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी काम गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं देने और शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा जलभराव मुक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

निरीक्षण की शुरुआत मंत्री शर्मा ने अयोध्या रोड और कुकरैल नदी के किनारे अतिक्रमण हटाकर विकसित किए जा रहे 'शक्तिवन' से की। उपवन योजना के तहत बन रहे इस प्रोजेक्ट की प्रगति पर उन्होंने संतोष जताया। अधिकारियों से कहा कि बरसात शुरू होने से पहले यहां बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और लखनऊ के हरित क्षेत्र को बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है।

इसके बाद मंत्री मैथिलीशरण गुप्त वार्ड पहुंचे और गाजीपुर थाने के पास जलनिकासी के मुख्य नाले का निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था ठीक मिली। उन्होंने निर्देश दिया कि अयोध्या रोड से मिलान बिंदु पर नाले को कवर किया जाए और दोबारा सफाई कराई जाए, ताकि पानी का बहाव न रुके और लोगों को दिक्कत न हो। सेक्टर-डी, इंदिरा नगर में नव निर्मित नाले का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि इसके बनने से बारिश में इलाके में पानी भरने की समस्या खत्म होगी। मंत्री शर्मा ने कलेवा तिराहे पर मुख्य मिलान बिंदु की नियमित सफाई के निर्देश दिए, जिससे जलनिकासी व्यवस्था बनी रहे। सेक्टर-डी स्थित मुंशीपुलिया के पास बन रहे नाले का जायजा लेते हुए मंत्री ने साफ कहा कि बरसात से पहले यह काम पूरा हो जाना चाहिए। क्षेत्रवासियों को जलभराव की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी और मौके पर निरीक्षण से ही तय समय पर जनता को लाभ मिलना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ काम करने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित