चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- चंडीगढ़ में बारिश का मौसम जहां लोगों को गर्मी से राहत देता है, वहीं इस दौरान कई मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। बारिश के दिनों में गंदा पानी, जलभराव और मच्छरों की बढ़ती संख्या डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर और पेट से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकती है।

स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. सुमन सिंह ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि जमा पानी मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बनता है। लोगों को साफ और सुरक्षित पानी का इस्तेमाल करना चाहिए तथा बाहर का दूषित खाना खाने से बचना चाहिए।

डॉ. सिंह ने कहा कि बुखार, उल्टी, दस्त या शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी बरसात के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों की जागरूकता साफ-सफाई और समय पर इलाज से मौसमी बीमारियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित