जौनपुर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री और जौनपुर के प्रभारी ए.के. शर्मा ने विकास कार्यों और जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की । उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव, साफ-सफाई, संक्रामक रोगों की रोकथाम तथा पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। जहां जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराते हुए स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलजमाव से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि नगरों में साफ-सफाई दिखनी चाहिए। नियमित कूड़ा उठान एवं निस्तारण के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अधिकारियों को मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि टांसफार्म क्षमता वृद्धि, विधुत आपूर्ति, समयंर्तगत ट्रांसफ़ॉर्मर बदलने जैसे बिन्दुओ पर विस्तृत चर्चा हुई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार एवं अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं के साथ अतिरिक्त बेड, पर्याप्त ऑक्सीजन एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित