देवबंद (सहारनपुर) , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में देवबंद के प्रमुख पर्यावरण प्रेमी शशांक जैन ने कहा कि बरसात के दिनों में लोगों को अधिकाधिक पौधारोपण करना चाहिए क्योंकि बरसात का मौसम पेड-पौधें लगाने के लिए सबसे आदर्श समय माना गया है।

श्री शशांक जैन ने आज कहा कि बरसात के मौसम में बार-बार बारिश आने के कारण वातावरण बदल जाता है और चारों ओर हरियाली छा जाती है। भरपूर पानी मिलने से पेड़-पौधे और फसलें खूब फलती-फूलती हैं। नदियाँ और झीलें भर जाती हैं, जिससे पीने और सिंचाई के लिए पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होती है।

उन्होंने कहा कि बारिश के पानी में प्राकृतिक रूप से नाइट्रोजन और अन्य पोषक तत्व होते हैं, जो पौधों के विकास के लिए टॉनिक का काम करते हैं। पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड को सोखकर ताजी ऑक्सीजन देते हैं, जिससे प्रदूषण कम होता है और वातावरण शुद्ध रहता है। शशांक जैन ने कहा कि बारिश के मौसम में पौधे लगाने और बागवानी करने से तनाव भी कम होता है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहता है।

उन्होंने कहा कि चाहे एक ही पेड़ लगाए लेकिन पौधारोपण करने के बाद उसकी देखभाल जरूर करे। पौधा देखभाल न होने के कारण कुछ ही समय में खत्म हो जाता है।

श्री शशांक जैन ने कहा कि आज हम सभी लोगों को पर्यावरण के प्रति बहुत अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। पर्यावरण बचेगा तो प्रकृति बचेगी, प्रकृति बचेगी तो जीव-जंतुओं और मानव का भविष्य सुरक्षित रहेगा। पर्यावरण संरक्षण से हमें शुद्ध हवा, पीने योग्य पानी, उपजाऊ मिट्टी, और जलवायु स्थिरता मिलती है, जो हमारे स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व के लिए सबसे ज़रूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित