चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- हरियाणा सरकार ने हिसार जिले के बरवाला में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बरवाला उप जिला अस्पताल परिसर में 50 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए 65 करोड़ 66 लाख 52 हजार रुपये के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।

श्री गंगवा ने बताया कि अस्पताल की ड्रॉइंग पहले ही मंजूर की जा चुकी है और निर्माण कार्य लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग द्वारा राज्य बजट के तहत कराया जाएगा। वर्ष 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है, जिससे इस परियोजना को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लगभग 24 माह में तैयार होने वाला यह आधुनिक अस्पताल बरवाला सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों और कस्बों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। नये अस्पतालों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास से प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद परियोजना पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित