चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय वाल्मीकि सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गेजा राम वाल्मीकि ने बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों और सीवर कर्मियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे वाल्मीकि समाज के सम्मान और स्वाभिमान पर हमला बताया है।

श्री गेजाराम ने डीएसपी सतबीर सिंह बैंस और एसएचओ लखविंदर सिंह को तत्काल बर्खास्त करने तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस वार्ता में विनीत जोशी, अमरजीत सिंह, रमन मट्टू, जरनैल सिंह और अक्षय मट्टू के साथ संबोधित करते हुए श्री गेजा राम वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान महिला सफाई कर्मचारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गयी और महिला प्रदर्शनकारियों का अपमान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने चुनाव के दौरान ठेका आधार पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों और सीवर कर्मियों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन उनकी मांगें पूरी करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज कराया गया।

पंजाब सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष गेजा राम वाल्मीकि ने दलित मंत्रियों और संवैधानिक संस्थाओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जरूरत के समय उन्होंने सफाई कर्मचारियों का साथ नहीं दिया।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की गयी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की और सफाई कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वाल्मीकि समाज पूरे पंजाब में आंदोलन तेज करेगा।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सरकार से ठेका आधार पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नियमित करने तथा उन्हें सम्मान, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित