चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी सेवाओं को नियमित किये जाने की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों के साथ सरकार ने अमानवीय व्यवहार किया। राजा वड़िंग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारी, जो प्रतिदिन लोगों का कचरा साफ करते हैं, उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया।
उन्होंने दावा किया कि लाठीचार्ज में घायल 15 महिला सफाई कर्मचारी सिर में चोट लगने के कारण अस्पतालों में भर्ती हैं।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि जिन पुलिसकर्मियों ने महिला सफाई कर्मचारियों पर कथित हमला किया, उनके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाये।
राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अन्य राज्यों की घटनाओं पर सहानुभूति जताते हैं, लेकिन पंजाब में हुई इस घटना पर भी उन्हें समान संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल अन्य मामलों में वीडियो जारी कर पीड़ितों के प्रति चिंता व्यक्त करते हैं, जबकि बरनाला की घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित