चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और राज्य सरकार की कथित दलित विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया है।
शुक्रवार को जारी बयान में श्री कैंथ ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गयी, जो लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा मामले का स्वतः संज्ञान लेकर पंजाब सरकार से रिपोर्ट तलब किया जाना इस बात का संकेत है कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करने में विफल रही है।
भाजपा नेता ने मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाये तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करायी जाये। इसके साथ ही प्रभावित सफाई कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा, उचित मुआवजा और कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जाये।
श्री कैंथ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रभावित सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए पूरे पंजाब में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित