चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इस घटना ने आम आदमी पार्टी सरकार का 'गरीब और दलित विरोधी चेहरा' उजागर कर दिया है।

श्री ढिल्लों ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सभी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन अब अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों की आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले पटियाला में रोजगार की मांग कर रहे बेरोजगार युवाओं तथा खन्ना में मनरेगा कर्मचारियों पर भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। पंजाब में अब अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करना भी अपराध बना दिया गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक ओर आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का पुलिस ने कथित रूप से पीछा कर उनके साथ मारपीट की।

श्री ढिल्लों ने कहा कि भाजपा सफाई कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मांग की कि श्री केजरीवाल और पंजाब सरकार इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, कथित ज्यादती के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को तत्काल स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि भाजपा भविष्य में भी सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी रहेगी और उनके साथ होने वाले कथित अन्याय का हर स्तर पर विरोध करती रहेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता इस घटना को नहीं भूलेगी और समय आने पर सरकार को इसका जवाब देना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित