चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर दो ज्ञापन सौंपे।
प्रतिनिधिमंडल ने बरनाला में सफाई कर्मचारियों और अनुसूचित जाति की महिलाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच तथा राज्य में भर्ती परीक्षाओं में कथित 10 पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
श्री बादल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में बरनाला घटना की न्यायिक जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग किया। शिअद ने मामले में संबंधित डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग भी उठायी। शिअद ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि लाठीचार्ज में घायल सफाई कर्मचारियों को पर्याप्त मुआवजा और उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही है। पार्टी ने सरकार से सफाई कर्मचारियों के साथ वार्ता कर उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की भी अपील की।
दूसरे ज्ञापन में शिअद ने राज्य में भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद, आम आदमी पार्टी के नेताओं, सरकारी अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। शिअद ने मांग की कि सभी डिजिटल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, सर्वर, संचार रिकॉर्ड और परीक्षा संबंधी दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जाये। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य की विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराई गई सभी भर्ती परीक्षाओं का व्यापक ऑडिट भी कराया जाये।
श्री बादल ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अन्य राज्यों में आम आदमी पार्टी का राजनीतिक आधार बढ़ाने के उद्देश्य से सरकारी नौकरियों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के लोगों को नियुक्त कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की आधे से अधिक सरकारी नौकरियां बाहरी उम्मीदवारों को दी जा रही हैं। शिअद ने जिन परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया, उनमें फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा, पंजाब लोक सेवा आयोग की नायब तहसीलदार भर्ती, पीएसईबी की 12वीं अंग्रेजी परीक्षा, पंजाब राज्य अध्यापक पात्रता परीक्षा, कृषि विकास अधिकारी भर्ती, भाषा विभाग भर्ती, पीएसएसएसबी ग्रुप-बी संयुक्त परीक्षा, आबकारी निरीक्षक भर्ती, 10वीं बोर्ड परीक्षा और पंजाब स्टेट रूरल लाइवलीहुड भर्ती परीक्षा शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित