चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बरनाला में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे कर्मचारियों पर लाठी बरसाना आम आदमी पार्टी सरकार का असली चेहरा उजागर करता है।
गुरुवार को जारी बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सभी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन आज अपने अधिकार मांगने पर सफाई कर्मचारियों को लाठियां खानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले पटियाला में रोजगार की मांग कर रहे बेरोजगार युवाओं और खन्ना में मनरेगा कर्मचारियों पर भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब में अब अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना भी अपराध बन गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार महिलाओं के सम्मान के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि दूसरी ओर अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रही महिलाओं पर भी पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सफाई कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और पंजाब सरकार से उनकी सभी जायज मांगों को तुरंत स्वीकार करने की मांग करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की जनता सरकार के इस कथित अन्याय और दमन का जवाब आने वाले समय में अवश्य देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित