बरनाला , जुलाई 28 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के मंगलवार को अपने गृह जिला बरनाला पहुंचने पर पार्टी की ओर से विशाल स्वागत रैली आयोजित की गयी और इस दौरान हजारों भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शक्ति प्रदर्शन किया।

रैली को संबोधित करते हुए श्री ढिल्लों ने नवनियुक्त भाजपा बरनाला जिला अध्यक्ष नरेंद्र गर्ग 'नीटा' को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बरनाला जिले की तीनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि बरनाला उनके लिए केवल एक शहर नहीं, बल्कि उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि बरनाला की जनता ने उन्हें दो बार विधायक चुना और भाजपा नेतृत्व ने उन्हें पंजाब की कमान सौंपकर पूरे जिले का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनना तय है और पार्टी जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार भाजपा और केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों पर केवल शिलान्यास कर झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बरनाला को जिला बनाने, डीसी कॉम्प्लेक्स, ओवरब्रिज, अंडरब्रिज, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और सड़क नेटवर्क जैसे कई विकास कार्य उनके कार्यकाल में हुए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि धनोला में नए कॉलेज की घोषणा करने वाली सरकार पहले यह बताए कि पहले घोषित किए गए 16 मेडिकल कॉलेजों का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि ठीकरीवाला में नर्सिंग कॉलेज की घोषणा को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन परियोजना आगे नहीं बढ़ी। वहीं मस्तुआना साहिब में रखी गई आधारशिला तक खेतों में धान से ढक गई और संबंधित भूमि भी गुरुद्वारा कमेटी ने वापस ले ली।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टर गतिविधियां, लूटपाट, बढ़ता कर्ज और पुलिस थानों से लेकर भाजपा कार्यालयों तक ग्रेनेड हमलों ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों, बिजली कर्मचारियों, डीसी कार्यालय स्टाफ, पीआरटीसी कर्मियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर कूड़े के ढेर में बदल गए हैं और सरकारी अस्पतालों में एक्स-रे जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब अब "धरना-लैंड" बन गया है, जबकि कांग्रेस अपने आंतरिक नेतृत्व विवाद में उलझी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए 16 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराये हैं। उन्होंने कहा कि इन निधियों से हवाई अड्डों, रेलवे ढांचे, बरनाला में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और यूरिया पर भारी सब्सिडी जैसी योजनाओं को बढ़ावा मिला है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर हंडियाया में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जायेगा। साथ ही बरनाला सिविल अस्पताल में बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट (ट्रॉमा सेंटर) का निर्माण केंद्र सरकार की वित्तीय सहायता से किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने केवल सिंह ढिल्लों का सम्मान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित