धमतरी , मई 02 -- छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के गंगरेल बांध और प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर मध्यप्रदेश के बरगी बांध में क्रूज पलटने के गंभीर हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

इसी कड़ी में धमतरी जिले के गंगरेल बांध में बोटिंग और क्रूजिंग की सुरक्षा व्यवस्था का जिला प्रशासन द्वारा जायजा लिया गया।

गंगरेल बांध में बड़ी संख्या में पर्यटक बोटिंग और क्रूजिंग का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संचालन करने वाली टीम का दावा है कि यहां किसी भी पर्यटक को बिना लाइफ जैकेट के बोट में बैठने की अनुमति नहीं दी जाती। इसके साथ ही हर समय वाटर एंबुलेंस तैनात रहती है और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को भी तैयार रखा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यहां दो प्रशिक्षित रेस्क्यू डॉग्स भी तैनात किए गए हैं, जो किसी भी आपात स्थिति में मददगार साबित होते हैं।

बरगी डैम हादसे के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर बोट, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की। साथ ही वहां मौजूद स्टाफ से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण और कौशल का भी आकलन किया गया।

अतिरिक्त तहसीलदार शिवेंद्र सिन्हा ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

गंगरेल बांध घूमने आए पर्यटकों ने भी यहां की सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक और बेहतर बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित