बैतूल , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश में एक धार्मिक बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव ने संबंधित बयान पर आपत्ति जताते हुए माफी की मांग की है और चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

श्री यादव ने बैतूल में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि मध्यप्रदेश बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मभूमि है और इसे संविधान की धरती के रूप में पहचाना जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर समाज में भ्रम और तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने हालिया "चार बच्चे" संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज को जिम्मेदार और संतुलित संदेश देने की आवश्यकता है। उनके अनुसार युवाओं को देशहित में सकारात्मक दिशा देने पर जोर दिया जाना चाहिए।

श्री यादव ने एक अन्य कथित बयान पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो उनकी पार्टी प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी और आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और कुछ तत्व राजनीतिक प्रभाव में कार्य कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित