चेन्नई , जुलाई 28 -- फर्जी ईमेल खाते बनाने और पिछले दो वर्षों में ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की 1,500 से अधिक झूठी धमकियां देने के आरोप में अमेरिका में कार्यरत एक टेक विशेषज्ञ को पुलिस ने यहां गिरफ्तार कर लिया है।

अमरीका में काम करने वाले इस सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ को दो दिन पहले अन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फर्जी ईमेल खाते बनाने और पिछले दो वर्षों के दौरान बम से उड़ाने की 1,500 से ज्यादा धमकी भरे ईमेल भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को जॉर्ज टाउन अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

आरोपी की पहचान सरथ सुब्रमण्यम के रूप में हुई है। उसे तमिलनाडु आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने चेन्नई हवाई अड्डे पर बम की झूठी धमकी वाले ईमेल की श्रृंखला की विस्तृत जांच के बाद गिरफ्तार किया था। सुब्रमण्यम की धमकियों ने व्यापक दहशत फैला दी थी और आम लोगों को खतरे में डाल दिया था।

दक्षिणी तिरुनेलवेली जिले के अंबासमुद्रम के रहने वाले सरथ, टेक्सास के ऑस्टिन में एक सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ के रूप में काम कर रहे थे। चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया और तमिलनाडु पुलिस टीम को सौंप दिया।संदिग्ध ने एन्क्रिप्टेड सॉफ्टवेयर और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का उपयोग करते हुये व्यावसायिक उड़ानों, प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों, स्कूलों और अन्ना विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों को निशाना बनाया था।

वह 2023 से 2025 के बीच शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, हवाई अड्डों, राजनीतिज्ञों और हस्तियों को 1,500 से अधिक बम की धमकी वाले ईमेल भेजकर दहशत फैलाने का कथित रूप से मुख्य योजनाकार था। यह सफलता राज्य साइबर अपराध विंग मुख्यालय के नेतृत्व में की गयी जांच के दौरान मिली। जांचकर्ताओं ने संदिग्ध का तब सुराग लगाया जब उसने गलती से अपने व्यक्तिगत ईमेल खाते का उपयोग करके धमकी भरे ईमेलों में से एक का जवाब दे दिया।जांचकर्ताओं ने उसकी पहचान की पुष्टि करने के बाद लगभग छह महीने तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद देशभर के हवाई अड्डों पर एक लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया, जिसकी वजह से चेन्नई पहुंचने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित