जालौन , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कुठौंद क्षेत्र के हरसिंहपुर मौजा में गुरुवार सुबह गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर गमछे के फंदे से किसान का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मदारीपुर निवासी गया प्रसाद (55) पुत्र मोजी लाल के रूप में हुई है। बताया गया कि गया प्रसाद गांव के बाहर खेत के पास बबूल के पेड़ पर गमछे का फंदा बनाकर लटके मिले। सूचना मिलने के बाद करीब दोपहर 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों के अनुसार गया प्रसाद की पत्नी मुन्नी देवी और दो बेटे आशीष (22) तथा अनिरुद्ध (20) हैं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने बताया कि गया प्रसाद कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे और उनका डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय पांडेय ने बताया कि मृतक की जेब से नींद की दवा भी मिली है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित