भीलवाड़ा , सितम्बर 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिये सोमवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबर रहा।
मतों की गणना के बाद दोनों ही दलों को 10-10 मत मिले। ऐसे में अब अध्यक्ष पद का फैसला लॉटरी के जरिए होने की स्थिति बन रही है। अंतिम स्थिति हालांकि निर्वाचन अधिकारी की प्रक्रिया और आधिकारिक घोषणा के बाद ही पूरी तरह साफ होगी।
अध्यक्ष पद के मतदान को लेकर सुबह से ही बनेड़ा में राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई थी। भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमे अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखते नजर आए। मतदान के लिए दोनों दलों के पार्षद समूह के रूप में पहुंचे।
मतदान पूरा होने के बाद सामने आए आंकड़ों ने पूरे चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है। भाजपा को 10 और कांग्रेस को भी 10 मत मिले। बनेड़ा में कुल 20 वार्ड हैं, जिनमें 10 भाजपा, नौ कांग्रेस और एक निर्दलीय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित