भीलवाड़ा , सितम्बर 23 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में कान्याखेड़ी क्षेत्र में बुधवार को बनास नदी में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी।
नदी में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान दीपांशु गौतम (20) के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि दीपांशु वर्तमान में अपने भाई के साथ बिलिया कला में रह रहा था और एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार अपराह्न करीब दो बजे से लापता था।
शव करीब 10 से 12 घंटे पुराना बताया जा रहा है। हालांकि युवक नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित