वाराणसी , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीली दवा मिली चाय पिलाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक दंपती को सीआईबी वाराणसी, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सीआईबी वाराणसी ने किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदयाल मिश्रा (29) पुत्र अवधेश मिश्रा तथा उसकी पत्नी ज्योति (24) निवासी भोरकला, थाना मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से नशीला पदार्थ, चोरी का एक मोबाइल फोन तथा 3,180 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गत 13 जून को प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर एक महिला यात्री को नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद उसकी सोने का चेन और हैंडबैग चोरी कर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी वारदात से संबंधित हैं। चोरी की गयी सोने की चेन महराजगंज के एक सराफा व्यापारी को बेच दी गयी थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी शनिवार को फिर से इसी तरह की वारदात को अंजाम देने के इरादे से बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन संयुक्त टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित