चंपावत , मई 15 -- उत्तराखंड की चंपावत पुलिस ने "ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड" अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बनबसा से एक युवक को 30.45 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चंपावत जिले की पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण में एसओजी और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने बनबसा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान जगबूड़ा पुल के पास से पुलिस ने अजय राम उर्फ अज्जू उर्फ मंजन निवासी नई बस्ती नगला थाना झनकैया जनपद ऊधमसिंहनगर, हाल निवासी उचौलीगोठ टनकपुर, जनपद चम्पावत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30.45 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक छिन्दर सिंह निवासी बिडौरा मझौला, नानकमत्ता जनपद ऊधमसिंहनगर से खरीदकर लाया है। पुलिस अब मामले में सामने आए दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2025 में भी थाना टनकपुर से एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट प्रभारी एसओजी, एसआई प्रकाश भट्ट प्रभारी एएनटीएफ, एसआई निर्मल लटवाल समेत अन्य लोग शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित