चम्पावत , सितंबर 25 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनबसा में पुलिस ने केबिल चोरी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बिजली के तार भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 17 सितंबर को संजय सिंह राणा द्वारा विद्युत घर बनबसा से दो ड्रम बिजली की तार चोरी होने की तहरीर बनबसा पुलिस को सौंपी थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने 35-40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन तलाशी ली गई।
गुरुवार रात को धनुषपुल बैरियर के पास थानाध्यक्ष विमल मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन से चोरी का एक ड्रम बिजली के तार बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरापियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के चितौरा निवासी विवेश कुमार (21), पीलीभीत जिले के उमरियां निवासी विमलेश कुमार (20) एवं डोरी लाल (19), बरेली जिले के गहबरा निवासी अन्नू (22), बदायूं के भवननगला निवासी खुशी राम (18) तथा ऊधमसिंह नगर के मछली मार्केट निवासी आकाश शर्मा (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने जो सामान बरामद किया है उसमें एक ड्रम बिजली की तार, पिकअप वाहन (संख्या यूपी 24C की 3710) एवं एक कटर शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास है। विवेश कुमार के विरुद्ध खटीमा कोतवाली एवं बनबसा थाने में पूर्व में भी भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज हैं, जबकि विमलेश कुमार एवं डोरी लाल के विरुद्ध टनकपुर कोतवाली में पूर्व में मामला दर्ज था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित