चंपावत , मार्च 02 -- उत्तराखंड सरकार की प्राथमिकता वाले "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" अभियान तहत चंपावत में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में अनुपस्थित रहने पर चंपावत के जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता उमेश कुमार के वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार प्रदेश में राज्य सरकार के निर्देश पर जन हित में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित जाता है। इन शिविरों में जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है।

इसी दौरान चंपावत के नगर पंचायत में आयोजित शिविर में नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार अनुपस्थित रहे और उनसे संपर्क करने का प्रयास करने पर उनका मोबाइल फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बताया गया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही आदेश की प्रति उनके सेवा अभिलेख में संलग्न किए जाने के भी निर्देश दिए हैं।

श्री कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित