देहरादून , जून 16 -- उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान बीते 8 जून से शुरु हो गया है। ऐसे में प्रदेश के 7 जनपदों के 13 बूथ लेबल ऑफिसर (बीएलओ) ऐसे हैं, जिन्होंने एसआईआर के गणना फार्म वितरण और डिजिटाईजेशन का कार्य 8 दिन में ही पूर्ण कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ0 बी वी आर सी पुरुषोत्तम ने इन सभी 13 बीएलओ को समय से पूर्व फार्म वितरण और डिजिटाईजेशन कार्य पूर्ण करने पर बधाई दी है।

मंगलवार को डा पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में एसआईआर के लिए ड्यूटी में तैनात सभी कार्मिक मेहनत से इस अभियान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि जिन बीएलओ ने गणना फार्म वितरण और डिजिटाईजेशन का कार्य पूर्ण कर दिया है उनसे अन्य बीएलओ को भी ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि एसआईआर का कार्य पहले चरण में पूर्ण करने वाले में अल्मोडा जनपद के सोमेश्वर विधानसभा के रमेश पुजारी, पुष्पा देवी, चमोली जनपद के बद्रीनाथ विधानसभा से पान सिंह नेगी, कर्णप्रयाग विधानसभा से हरीश नैनवाल, देहरादून जनपद के चकराता विधानसभा क्षेत्र से मीनाक्षी रावत, पौड़ी जनपद के पौड़ी विधानसभा से गब्बर सिंह, संगीता रावत, विजय बिष्ट शामिल हैं। इसके साथ ही जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र से कर्ण बहादुर कार्की, जानकी चंद, रुद्रप्रयाग जनपद के केदारनाथ विधानसभा की उषा रावत एवं निर्मला देवी, जनपद टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र से सुमन ने गणना फार्म वितरण और डिजिटाईजेशन का कार्य पूर्ण कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित